भरमौर-पठानकोट हाईवे पर भारी बारिश के बाद जगह-जगह भूस्खलन व पेड़ों के गिरने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। नैनीखड्ड, तुन्नूहटटी के समीप बीती रात भारी बारिश के साथ होने वाले भूस्खलन हुआ। इस कारण हाईवे पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। रफ्तार थमने से चालकों और यात्रियों को वाहनों में बैठकर हाईवे बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। एनएच मंडल के अधिशासी अभियंता मीत शर्मा ने बताया कि भारी बारिश के कारण हाईवे पर पेड़ गिरने, मलबा आने से वाहनों की रफ्तार थमी है। हाईवे बहाल करने के लिए मशीनरी मौके पर भेज दी गई। जल्द हाईवे बहाल करवा दिया जाएगा। वहीं, जिला में 29 सड़कें, 26 ट्रांसफार्मर समेत 26 पेयजल योजनाएं बाधित होने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ी हैं। विभागीय टीमें पटरी से उतरी सेवाओं को सुचारू करने में जुटी हुई हैं।