जनजातीय क्षेत्र पांगी के संसारी-कुल्लू-मनाली बीआरओ सड़क पर फिंडरू पंचायत में मंगलवार को महिलाओं ने शराब का ठेका स्थानांतरित नहीं करने के विरोध में खाली बीयर की बोतलें सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। ग्राम पंचायत फिंडरू की महिला मंडल पिछले तीन महीने से सेरी में स्थित शराब के ठेके को स्थानांतरित करने की मांग उठा रही है। लेकिन, पांगी प्रशासन की ओर से शराब का ठेका स्थानांतरित करने को लेकर कोई कदम नहीं उठाया जा सका है। इसके चलते मंगलवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने मंगलवार सुबह 8:30 बजे संसारी से कुल्लू-मनाली सड़क पर चक्काजाम कर दिया । चक्का जाम होने से विभिन्न रूटों से आई एचआरटीसी बसों के पहिये थम गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। उधर, आवासीय आयुक्त पांगी रमन संगी ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने आबकारी विभाग कुल्लू को इस बारे में जानकारी दे दी। आबकारी विभाग की ओर से एक टीम घाटी के लिए रवाना कर दी गई है। उम्मीद है कि शाम तक ठेके को स्थानांतरित कर दिया जाएगा।