किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बिलासपुर के समलेटू-जब्बल में सीमेंट से भरा एक ट्रक नाले में गिर गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका उपचार एम्स बिलासपुर में चल रहा है। हादसा गुरुवार तड़के करीब 4:00 बजे हुआ। ट्रक बिलासपुर से किरतपुर की ओर जा रहा था। समलेटू-जब्बल के पास पहुंचने पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक नाले में जा गिरा। फोरलेन से गुजर रहे अन्य वाहन सवारों ने चालक को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से निकाला और एम्स पहुंचाया। घायल चालक की पहचान विनय कुमार पुत्र राम आसरा निवासी गांव रजवाहन नालागढ़ के रूप में हुई है। ट्रक को भी भारी नुकसान पहुंचा है। स्वारघाट थाना पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई की जा रही है।