हिमाचल प्रदेश की सबसे छोटी नगर परिषद श्रीनयना देवी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव मंगलवार को संपन्न हुए। नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर दीपक शर्मा और उपाध्यक्ष पद पर नीना शर्मा को सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया प्रशासन की निगरानी में नगर परिषद कार्यालय में संपन्न हुई। नगर परिषद के सात वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा समर्थित पांच पार्षद विजयी हुए थे, जबकि कांग्रेस समर्थित दो पार्षदों ने जीत दर्ज की थी। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए आयोजित बैठक में भाजपा समर्थित सभी पांच पार्षद समय पर उपस्थित रहे, जबकि कांग्रेस के दोनों पार्षद बैठक में नहीं पहुंचे। इसके चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया। अध्यक्ष चुने गए दीपक शर्मा पहले ही वार्ड नंबर-1 से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे। वहीं वार्ड नंबर-6 नीना शर्मा को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इस मौके पर भाजपा विधायक रणधीर शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की जनता ने पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए स्पष्ट बहुमत दिया है।