सड़क सुविधा नहीं होने से झंडूता विधानसभा की ग्राम पंचायत घंडीर के दधोग, कुजैल और टप्पे गांव में बसे भाखड़ा बांध विस्थापित कई प्रकार की समस्याएं झेल रहे हैं। भाखड़ा विस्थापितों ने पक्की सडक़ की मांग को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त राहुल कुमार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क सुविधा नहीं होने से उन्हें बरसात के मौसम में उफनती खड्ड को पार करना पड़ रहा है। वीरवार को भी एक गर्भवती महिला को खड्ड से गुजरते हुए चारपाई पर उठाकर ले जाना पड़ा। करीब डेढ़ किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर उसे भड़ोलिया तक पहुंचाया गया, जहां से वाहन के जरिए उसे हमीरपुर अस्पताल ले जाया गया। पंचायत प्रधान नीलम धीमान के नेतृत्व में उपायुक्त के पास पहुंचे लोगों ने गुहार लगाई की इन गांव को जल्द पक्की सडक़ सुविधा से जोड़ा जाए। इस मौके छोटू राम, अमीचंद, निशा, सौरव कालिया, बालक राम, लेख राम, नंद लाल, सतपाल मौजूद रहे।