फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur: भराड़ी स्कूल में आयोजित हुई मॉक ड्रिल, एसडीएम रहे मौजूद

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भराड़ी में मंगलवार को आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपदा की वास्तविक परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यशाला के दौरान आपदा प्रबंधन दल ने भूकंप, आगजनी और भूस्खलन जैसी स्थितियों का वास्तविक परिदृश्य प्रस्तुत किया। स्कूल भवन की दूसरी मंजिल पर आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें विद्यार्थियों को फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का तरीका बताया गया। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने मौके पर आग बुझाने के उपकरणों का उपयोग कर प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आपदा के समय प्राथमिक उपचार देने की विधि भी समझाई गई। घायल व्यक्ति को किस प्रकार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए और एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने बड़ी उत्सुकता और जिम्मेदारी के साथ मॉक ड्रिल में भाग लिया। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपदा की स्थिति में पहले खुद को सुरक्षित करना और फिर दूसरों की सहायता करना कितना आवश्यक है। इस दौरान एसडीएम गौरव चौधरी ने कहा कि आपदा किसी भी समय और किसी भी रूप में आ सकती है। भूकंप, आगजनी, भूस्खलन या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय सबसे पहला कर्तव्य जान-माल की सुरक्षा करना होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में घबराने की बजाय सही जानकारी और प्रशिक्षण के माध्यम से शांति और संयम से कार्य करना चाहिए। विद्यार्थियों से कहा कि वे इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, क्योंकि यही ज्ञान भविष्य में किसी भी आपदा के समय दूसरों की सहायता करने में सहायक सिद्ध होगा। स्कूल के प्रधानाचार्य जयचंद हीर ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आपदा से निपटने के लिए व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं। मॉक ड्रिल के सफल आयोजन में विभिन्न विभागों का सहयोग रहा। इस मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग से निरीक्षक विनोद कपिल, सीडीपीओ रंजना शर्मा, थाना प्रभारी अनूप, एसएमओ डॉ. विनोद, नायब तहसीलदार प्यारेलाल, होमगार्ड और दमकल विभाग की टीम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें