-अभी तक 2100 उपभोक्ताओं ने नहीं कराई है केवाईसी
-केवाईसी न कराने पर वित्तीय लाभ होंगे बंद, उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। विद्युत उपमंडल घुमारवीं-1 के तहत विभिन्न क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं की केवाईसी 9 और 10 जनवरी को की जाएगी। उपमंडल के तहत अभी तक 2100 उपभोक्ताओं ने केवाईसी नहीं कराई है।
जानकारी देते हुए सहायक अभियंता सन्नी कुमार जगोता ने बताया कि यह केवाईसी कराना सभी उपभोक्ताओं के लिए अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि 9 और 10 जनवरी को विद्युत उपमंडल घुमारवीं-1 कार्यालय में यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उपमंडल के तहत बरोटा, मरहोल, नैन, कोठी, पलसोटी, बाड़ी-मंझेड़वा, चैहड़, मतवाना, दकड़ी, चुवाड़ी, घुमारवीं, घल्याणा, गहरी पंजयाल, बड्डू ग्लासी, साशन, हारकुकार, कलरी, लुहारवीं, नसवाल, बजोहा, रछेड़ा, सोइ, अबधानीघाट, कुलारु, पन्याला व त्युनखास व आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 2100 उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक केवाईसी नहीं करवाई है। इसलिए सभी घरेलू उपभोक्ताओं से आग्रह किया जाता है कि वह निर्धारित स्थान पर अपना आधार कार्ड व बिजली का बिल लेकर पहुंचें और केवाईसी सुनिश्चित करें। अगर कोई उपभोक्ता अपने बिजली मीटर की केवाईसी नहीं करवाते हैं तो उन्हें भविष्य में मिलने वाले उनके सभी वित्तीय लाभ बंद हो जाएंगे। इसके लिए उपभोक्ता स्वयं जिम्मेवार होगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।