नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6200 प्रतिबंधित दवाइयां और 30 ग्राम हेरोइन बरामद की है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के अनुसार पहली कार्रवाई जगाधरी बस स्टैंड के पास की गई। टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित दवाइयों की खेप लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने रामनगर निवासी अजय को काबू किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सपास प्लस ट्रामाडोल कैप्सूल की 1000, क्लैपिडोल ट्रामाडोल टैबलेट की 1000 और अल्ट्रोक्स अल्प्राजोलम टैबलेट की 4200 गोलियां बरामद हुईं। कुल 6200 प्रतिबंधित दवाइयां मिलने पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरी कार्रवाई कलानौर बॉर्डर के पास की गई। यहां पुलिस टीम ने कार सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान रामपुरा कॉलोनी निवासी कपिल कुमार और तेजली निवासी रविंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि नशीली दवाइयां और हेरोइन कहां से लाई गई थी और इन्हें आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।