फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर में वार्ड-9 गढ़वाली मंदिर में फूटा लोगों का गुस्सा, नगर निगम के खिलाफ जोरदार हंगामा

यमुनानगर के वार्ड नंबर-9 स्थित गढ़वाली मंदिर क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कॉलोनी के दर्जनों निवासियों ने नगर निगम और वार्ड पार्षद के खिलाफ जोरदार हंगामा करते हुए नारेबाजी की और अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। लोगों का आरोप है कि पार्षद द्वारा बनाई जा रही गली पहले से ही ठीक हालत में थी, लेकिन निजी स्वार्थ के चलते उसे तोड़ दिया गया, जिससे कॉलोनी के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार गली को तोड़ने के दौरान सीवरेज पाइप भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए, जिनकी मरम्मत के लिए प्रत्येक परिवार को करीब 15 हजार रुपये खर्च करने पड़े हैं। कॉलोनी में लगभग 70 परिवार रहते हैं, जिससे कुल नुकसान लाखों रुपये तक पहुंच गया है। लोगों ने बताया कि सीवरेज पाइप टूटने के कारण गंदगी और बदबू का माहौल बन गया है, जिससे घरों के बाहर बैठना भी मुश्किल हो गया है। सीमा पोपली ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले ही अपने घर के बाहर करीब 50 हजार रुपये खर्च कर खड़ंजा बनवाया था, जिसे भी तोड़ दिया गया। साथ ही बिजली की अर्थिंग की तारें भी क्षतिग्रस्त कर दी गई हैं। गढ़वाली मंदिर के पंडित मोहन प्रसाद नौटियाल ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों द्वारा गैस पाइपलाइन कनेक्शन भी तोड़ दिया गया है, जिससे घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है। गैस पाइपलाइन होने के कारण उन्हें सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि पिछले 15 दिनों से भारत भूषण शर्मा के नाम से रोजाना नगर निगम कार्यालय में शिकायत दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं, कॉलोनी में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह ठप पड़ी है। निवासियों ने आरोप लगाया कि लक्ष्मण नाम का सफाई कर्मचारी कई दिनों से नहीं आया और न ही कूड़ा उठाने के लिए टिप्पर पहुंच रहा है। प्रदर्शन में शामिल राजेश बक्शी, गुलशन बत्रा, भारत भूषण बक्शी, लकी शर्मा, विशाल, सूरज शर्मा, प्रीति बक्शी, डिंपल बत्रा, सुमन बक्शी, नवीन भूषण शर्मा सहित कई लोगों ने बताया कि गली निर्माण से पहले किसी भी निवासी की सहमति नहीं ली गई। वर्तमान स्थिति में न तो सड़क बनी है और न ही आवाजाही का कोई सही रास्ता बचा है, जिससे आए दिन बच्चे गिरकर घायल हो रहे हैं। आक्रोशित लोग वार्ड पार्षद के घर भी पहुंचे और बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उनका आरोप है कि उन्हें केवल आश्वासन देकर टाल दिया जा रहा है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है, अन्यथा वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें