पश्चिमी यमुना नहर में मंगलवार सुबह लेवलिंग कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाड़ी माजरा तीर्थनगर पुल के पास मिट्टी समतल कर रही पोकलेन मशीन अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। मशीन चला रहा चालक कैबिन में फंस गया। पुलिस और गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान पंजाब के जिला पठानकोट के गांव थारा झिकला निवासी 35 वर्षीय प्रीतम के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दस वर्षों से पोकलेन मशीन चलाने का काम कर रहा था। मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर पर लेवलिंग कार्य कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे प्रीतम नहर किनारे मशीन से मिट्टी समतल कर रहा था। इसी दौरान मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह रेत में धंसते हुए नहर में जा गिरी। कैबिन पानी और रेत में दब जाने से प्रीतम अंदर ही फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि प्राथमिक तौर पर दम घुटने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। प्रीतम की दो बेटियां है।