आखिरकार जोड़िया वासियों का रविवार को सब्र का बांध टूट गया। यहां के बाशिंदों ने बंदरों के आतंक से परेशान होकर रादौर रोड नेशनल मार्ग पर जाम लगा दिया। ऐसे में मार्ग पर दोनों छोर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। मार्ग जाम करने में बड़ों के अलावा महिला और छोटे बच्चे भी शामिल भी रहे। कोई भी वाहन साइड से न निकल सके, इस पर उन्होंने एक दूसरे की बाजू पकड़ चेन बना ली। ऐसे में दोपिया चालक भी जाम में फंस गए। बंदरों के आतंक से तंग होकर लोगों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। उधर, जाम की सूचना मिलने के बाद थाना फर्क पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने की अपील की, परंतु रोषित लोग नहीं माने। बाद में काफी माथापच्ची करने के बाद पुलिस ने उनकी समस्या को हल कराने का ठोस आश्वासन दिया। तब जाकर लोग मार्ग से उठे, इसके बाद यातायात दुरुस्त हुआ।