अमादलपुर रोड स्थित जगदंबे इंटरप्राइजेज गैस एजेंसी के बाहर शनिवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बावजूद सिलेंडर नहीं मिला। नाराज लोगों ने एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मौके पर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे सुबह से ही गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हुए थे, लेकिन एजेंसी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसी बीच स्थिति बिगड़ती देख गैस एजेंसी संचालक ताला लगाकर मौके से फरार हो गया, जिससे उपभोक्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया। प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग वरिष्ठ नागरिक के साथ एजेंसी के मैनेजर का व्यवहार भी चर्चा में रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मैनेजर बुजुर्ग के पैर पकड़ता नजर आया, जिससे मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। इसके बावजूद लोगों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी संचालक बुकिंग के बावजूद सिलेंडर अन्य जगहों पर सप्लाई कर रहा है, जिसके कारण आम लोगों को समय पर गैस नहीं मिल रही। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उनका सिलेंडर लंबे समय से डिलीवर नहीं हुआ है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।