यमुनानगर। मानसून से पहले नगर निगम ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए वार्ड नंबर-16 स्थित हरबंसपुरा कॉलोनी में 41.55 लाख रुपये की लागत से सड़क और आरसीसी नाले के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और मेयर सुमन बहमनी ने संयुक्त रूप से परियोजना का शिलान्यास किया। परियोजना के तहत कांबोज करियाना स्टोर से नीलकंठ डेयरी तक नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही दोनों ओर आरसीसी नाले बनाए जाएंगे, जिससे बरसात के दौरान क्षेत्र में जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद संदीप धीमान, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि हरबंसपुरा कॉलोनी में 41.55 लाख रुपये की लागत से सड़क और आरसीसी नालों का निर्माण कराया जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समय में कार्य पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार समान विकास की नीति पर काम कर रही है। नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य जारी हैं। उनका प्रयास है कि प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए और लोगों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा।