गांव परवालो समीप कैंटर ऊपर से निकल रही बिजली के तारों के संपर्क में आ गया। इससे जोरदार धमाका हुआ। करंट के झटके से चालक कैंटर से सड़क पर जा गिरा। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और जांच करने पर कैंटर चालक को मृत पाया। शव कब्जे में लेकर शवगृह में रखवाया, वहीं हादसे के बाद मार्ग जाम हो गया, जो पुलिस ने कैंटर हटाकर खुलवाया। जम्मू का 35 वर्षीय बिट्टूदीन मंगलवार सुबह करीब छह बजे कैंटर में प्लाईवुड फैक्टरी से सामान लेने के लिए गांव परवालो के रास्ते जा रहा था। इसी दौरान गांव में ऊपर से निकल रही बिजली तारों से कैंटर छू गया। इससे जोरदार धमाका हुआ। कैंटर के पीछे चारों टायर भी फट गए। धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पाया कि चालक कैंटर से नीचे सड़क पर बेसुध पड़ा है। सूचना डायल 112 पर दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। बाद में फोरेंसिक व पुलिस टीमों ने जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया है। कैंटर कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। चंद मिनट पहले 100 मीटर दूर पी चाय घटनास्थल से 100 मीटर दूरी पर स्थित ढाबे के संचालक रामकुमार ने बताया कि कैंटर चालक बिट्टूदीन हादसे से चंद मिनट पर उनके ढाबे पर रुका और उसने चाय पी। इसके बाद वह कैंटर लेकर प्लाईवुड की फैक्टरी में सामान लेने चला था कि कैंटर बिजली तारों के संपर्क में आने से बिट्टूदीन की करंट लगने से मौत हो गई।