डीएवी गर्ल्स कॉलेज के पास रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार अचानक आग की चपेट में आ गई। हादसे के समय कार में परिवार सवार था। गनीमत रही कि समय रहते सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शहीद भगत सिंह चौक से अग्रसेन चौक की ओर जा रही थी। डीएवी गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंचने पर कार अचानक एक बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर नीचे गिर गया। इसके बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस दौरान परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित कार से बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद कार में तेज धमाका भी हुआ। धमाके की आवाज के साथ कार के टायर फट गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि परिवार सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे के कारणों की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।