गुरुद्वारा रोड मार्केट एसोसिएशन के 22 वर्ष से प्रधान एवं सोनीपत व्यापारी एसोसिएशन के संयोजक विमल किशोर को फिर निर्विरोध प्रधान चुना गया। प्रधान पद को लेकर शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे तक नामांकन पत्र भरने व शाम पांच बजे नामांकन वापस लेने का समय निर्धारित किया गया था। मत डालने का समय शाम 7 से 9 बजे का निर्धारित किया था। सुबह 10 बजे तक तीन नामांकन भरे गए। जिसमें निवर्तमान प्रधान विमल किशोर, कृष्ण धवन व जितेंद्र शर्मा शामिल थे। शाम को कृष्ण धवन व जितेंद्र शर्मा ने अपना नामांकन विमल किशोर के समर्थन में वापस ले लिया। पूर्व नप पार्षद विमल किशोर को गुरुद्वारा रोड मार्केट एसोसिएशन का प्रधान घोषित कर दिया गया। सभी की राय लेकर सहमति से नई कार्यकारिणी की घोषणा की। जिसमें संदीप गिरधर को महासचिव, संदीप मल्होत्रा को सचिव, कृष्ण धवन व महिपाल को संरक्षक, जितेंद्र शर्मा को उप प्रधान, महेंद्र अरोड़ा को सहसचिव, विनय सेतिया को कोषाध्यक्ष व संजय मक्कड़ को मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया। प्रधान विमल किशोर ने कहा कि व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने प्रशासन की ओर से अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों को प्रताड़ित करने की कड़ी निंदा की। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों को बेवजह परेशान न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अपना रुख न बदला तो सभी व्यापारियों को एकत्रित कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।