गांव बरोदा के बीच स्थित ऐनसर जोहड़ इन दिनों बदहाली का शिकार बना हुआ है। जोहड़ में फैली जलकुंबी ने पूरे तालाब को ढक लिया है, जिससे पानी दूषित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो साल से जोहड़ की सफाई नहीं हुई और ना ही उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि ऐनसर जोहड़ गांव में पशुओं के लिए सबसे ज्यादा उपयोग में आता था। पहले यहां पशु पानी पीने आते थे और ग्रामीण भी इसका इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब हालात इतने खराब हो चुके हैं कि जोहड़ का पानी पूरी तरह गंदा हो गया है। जलकुंबी फैलने के कारण जोहड़ दलदल जैसा बन चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत और प्रशासन इस समस्या की तरफ आंखें मूंद कर बैठे हैं। कई बार अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को शिकायत दी गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि जलकुंबी के बीच कई बार पशु फंस चुके हैं। उन्हें बाहर निकालने में काफी परेशानी होती है और कभी-कभी कई लोगों को मिलकर पशुओं को निकालना पड़ता है। गांव के लोगों को डर है कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ऐनसर जोहड़ की सफाई करवाई जाए और जलकुंबी हटाकर पानी को साफ किया जाए, ताकि पशुओं और ग्रामीणों को राहत मिल सके।