होली पर्व पर प्रवासियों को घर वापसी करने में परेशानी उठानी पड़ रही हैं। लोग परिवारों के साथ होली उत्सव मनाने के लिए अपने घरों का रुख कर रहे हैं। बड़ी संख्या में घर वापसी करने वालों को ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। ट्रेनों में लंबी वेटिंग होने के चलते बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को भी रेलवे स्टेशन व बस अड्डा पर यात्रियों की भीड़ नजर आई। रेलवे ने विभिन्न रूटों पर होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कर रखा है। लेकिन अंबाला-मऊ के बीच स्पेशल ट्रेन 5 व 6 मार्च से चलेगी इसका फायदा सोनीपत के लोगों को हो सके। यात्रियों को समय पर टिकट आरक्षित करवाने के बावजूद सीट नहीं मिल रही है। रंगों का त्योहर होली का पर्व 2 व 4 मार्च को मनाया जाएगा। ऐसे में प्रवासी लोग आने-जाने के लिए अभी से अपने टिकट आरक्षित करवा रहे हैं। दिल्ली-अंबाला रूट पर कई ट्रेनों के परिचालन में देरी होने, बढ़ती भीड़ व टिकट कन्फर्म नहीं होने से कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। हरियाणा ही नहीं, पंजाब, उत्तर प्रदेश में भी काफी प्रवासी अपने घरों से दूर रहकर व्यापार या नौकरी कर रहे हैं। यह अधिकतर प्रवासी त्योहारी सीजन में अपने घरों का रुख कर रहे हैं।