फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत में सफल अभ्यार्थियों की यह उपलब्धि जिला के सभी युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से घोषित सिविल सेवा परीक्षा-2025 के परिणाम में सात मेधावी अभ्यर्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उपलब्धि पर उपायुक्त सुशील सारवान ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में सफल अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उपायुक्त ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपायुक्त ने सफल अभ्यर्थियों से संवाद करते हुए उनकी तैयारी, संघर्ष और सफलता के अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल अभ्यर्थियों के परिवारों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिला के सभी युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन युवाओं ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। उपायुक्त ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसे उत्तीर्ण करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। सोनीपत के युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर प्रयास किया जाए, तो किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। उपायुक्त ने कहा कि इन युवाओं की सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और वे भी इसी प्रकार मेहनत कर अपने सपनों को साकार करेंगे। उपायुक्त सुशील सारवान ने अभ्यर्थियों के अभिभावकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का त्याग, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और सही दिशा प्रदान की, जिसके परिणामस्वरूप आज उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है प्रशासन उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समय-समय पर करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवा राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। उपायुक्त ने सभी सफल अभ्यर्थियों व उनके परिजनों को सम्मानित किया और उन्हें ईमानदारी, निष्ठा तथा समर्पण भाव से देश सेवा करने का संदेश दिया। अभ्यर्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के माध्यम से यह सफलता हासिल की है। इस दौरान नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय, एसीयूटी योगेश दिल्हौर, एसडीएम निर्मल नागर, सुभाष चंद्र व नगराधीश डॉ. अनमोल भी मौजूद रहे। यूपीएससी के सफल अभ्यर्थी 1. गांव अटेरना निवासी प्रीति चौहान ने 47वां रैंक हासिल किया। 2. गांव बाघडू फिलहाल सेक्टर-23 निवासी मानसी डागर ने 137वां रैंक प्राप्त किया। 3. गोहाना के राम गली निवासी संदेश जैन ने पहले प्रयास में 161वीं रैंक हासिल की। 4. गोहाना के सेक्टर-7 निवासी इशिता शर्मा ने 268वीं रैंक प्राप्त की। 5. वेस्ट रामनगर निवासी वैभव भारद्वाज ने 344वीं रैंक प्राप्त की। 6. गांव शाहपुर तगा निवासी निशु त्यागी ने 685वीं रैंक प्राप्त की। 7. गांव मुरथल निवासी अमन ने दूसरे प्रयास में 731वीं रैंक हासिल की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें