सोनीपत। कामी रोड स्थित सहकारी चीनी मिल में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत की अध्यक्षता जिला प्रधान वीरेंद्र पहल ने की। इसमें संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान समेत बड़ी संख्या में गन्ना किसान पहुंचे। किसानों ने मिल के नवीनीकरण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। महापंचायत में भाकियू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए द सोनीपत सहकारी चीनी मिल के नवीनीकरण की घोषणा तुरंत करें। किसानों के हितों को देखते हुए मिल की क्षमता और व्यवस्था में सुधार जरूरी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मिल के नवीनीकरण की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिला प्रधान वीरेंद्र पहल ने कहा कि किसान कई वर्ष से चीनी मिल के नवीनीकरण की मांग कर रहे हैं। सरकार ने जल्द नवीनीकरण की घोषणा नहीं की तो भारतीय किसान यूनियन किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। महापंचायत में चीनी मिल की मरम्मत से संबंधित टेंडर का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा को ज्ञापन सौंपकर मिल के नवीनीकरण और मरम्मत से जुड़ी मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द संज्ञान नहीं लिया तो बड़े स्तर पर किसान आंदोलन किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। गन्ना किसानों ने हाथ उठाकर भाकियू के नेतृत्व में मिल के नवीनीकरण की लड़ाई में साथ देने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला उपप्रधान दलवीर मदीना, मुकेश दहिया, मंदीप बड़वासनी, जिला वरिष्ठ महासचिव मनोज छिकारा, जिला महासचिव सुंदर सिंह उद्देशीपुर, जिला सचिव अनिल सरगथल, जिला सहसचिव जसमेर, संगठन प्रचार मंत्री सतपाल मलिक, वरिष्ठ किसान नेता विजेंद्र मलिक, गन्नौर ब्लॉक उपप्रधान मनजीत नांदल भी मौजूद रहे।