फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत: तकनीकी खामियों के विरोध में पटवारी-कानूनगो हड़ताल पर, 2370 फाइलें अटकी

मयूर शर्मा Updated Thu, 20 Aug 2026 08:01 PM IST

सोनीपत। ऑटो म्यूटेशन पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं और डिजिटल फसल सर्वेक्षण की खामियों के विरोध में पटवारियों और कानूनगो ने वीरवार को हड़ताल शुरू कर दी। दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के सदस्यों ने पुरानी तहसील परिसर में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल में जिले के 237 पटवारी और 15 कानूनगो शामिल रहे। पटवारियों के हड़ताल पर जाने से पटवारखाने बंद रहे और करीब 2370 फाइलों का काम प्रभावित हुआ। पटवारखानों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। पटवारखाने बंद मिलने पर लोगों को परेशानी हुई। लोग अपने काम कराने के लिए पटवारियों के धरनास्थल पर पहुंचे। पटवारियों ने हड़ताल होने की बात कहकर उन्हें काम करने से मना दिया। काम न होने के कारण लोगों को परेशान होकर वापस जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। एसोसिएशन के राज्य महासचिव सन्नी दहिया ने बताया कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण पांच अगस्त से शुरू होना था, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी ऑनलाइन सर्वेक्षण में सामने आ रही तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया गया है। इसके कारण फसल सर्वेक्षण का काम प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ऑटो म्यूटेशन पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण इंतकाल दर्ज करने में भी दिक्कत आ रही है। नए पोर्टल पर प्रॉपर्टी मालिकाें के हिस्से गलत दर्ज हो रहे हैं। बार-बार इंतकाल तब्दील हो रही हैं। पोर्टल की समस्या के संबंध में अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। इससे आम लोगों से जुड़े राजस्व कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। पटवारी और कानूनगो ने सरकार से डिजिटल फसल सर्वेक्षण की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने व ऑटो म्यूटेशन पोर्टल को सुचारु रूप से संचालित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि अन्य राज्याें की तरह निजी एजेंसी के माध्यम से डिजिटल फसल सर्वेक्षण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। धरने पर राज्य वरिष्ठ सलाहकार संदीप धनखड़, जिला प्रधान प्रमोद कुमार, जिला सचिव विकास हुड्डा, कानूनगो विनय, रामदास सहित अन्य पटवारी व कानूनगो मौजूद रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें