हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के दूसरे चरण के तहत सोनीपत के सुभाष स्टेडियम में बुधवार को भव्य अंत्योदय मेला शुरू हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों की स्टालों का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, सोनीपत विधायक निखिल मदान, खरखोदा विधायक पवन खरखोदा, गन्नौर से निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।मेले में हरियाणा सरकार के 19 विभागों द्वारा कुल 40 स्टाल लगाई गई हैं। इन स्टालों पर अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत चिह्नित गरीब से गरीब परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का तत्काल लाभ दिया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड, परिवार पहचान पत्र में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति, कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार ऋण, मुफ्त सिलाई मशीन, कृषि यंत्र अनुदान जैसी दर्जनों योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण और दस्तावेज जारी किए जा रहे हैं।