हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल विभाग की ओर से सेक्टर-4 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस दौरान सोनीपत टीम ब्लू व सोनीपत रेड टीम के बीच हॉकी मैच कराया गया। इसमें राई से विधायक कृष्णा गहलावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिकरत की। उनका नगराधीश डॉ. अनमोल व जिला खेल अधिकारी मनोज यादव ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। हॉकी मैच के दौरान सोनीपत ब्लू ने रेड टीम को 3-1 के अंतर से हराया। विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन न केवल मेजर ध्यानचंद की स्मृति को जीवित रखने का प्रयास है बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल जगत का वह नाम हैं जिन्हें पूरी दुनिया में हॉकी का जादूगर कहा जाता है। उनकी अद्भुत खेल प्रतिभा ने भारत को ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक दिलाए और देश का नाम रोशन किया। इस दौरान जाखौली मंडल के अध्यक्ष शेखर आंतिल, दीपक मुकीमपुर, नरेंद्र खेवड़ा, उमेद सिंह जाट जोशी, प्रमोद मुरथल, विधायक के मीडिया सचिव योगेश भी मौजूद रहे।