जिले में घने कोहरे ने शनिवार को भी जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। शुक्रवार रात से ही वातावरण में कोहरे की चादर छा गई थी। जिससे तडक़े सडक़ों पर चलना जोखिम भरा हो गया। सुबह सात बजे तक दृश्यता सिमटकर मात्र पांच मीटर रह गई थी। आठ बजे तक यह बढक़र करीब 20 मीटर हुई, जबकि साढ़े नौ बजे तक भी दृश्यता 50 से 80 मीटर के बीच ही बनी रही। सुबह साढ़े दस बजे शहरी क्षेत्र में कोहरे से निजात मिल सकी। घने कोहरे का सबसे अधिक असर राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख संपर्क मार्गों पर देखने को मिला। कम दृश्यता के चलते वाहनों की रफ्तार थम सी गई। हाईवे पर हादसों से बचने के लिए वाहन चालक कतार में बेहद धीमी गति से चलते नजर आए। कई स्थानों पर चालकों ने एहतियातन अपने वाहन सड़क किनारे रोक दिए। कोहरे के कारण सुबह के समय स्कूल, दफ्तर और अन्य जरूरी कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए पहले से जारी सलाह को दोहराया है। पुलिस ने अपील की है कि कोहरे में वाहन चलाते समय लो-बीम लाइट का प्रयोग करें, गति नियंत्रित रखें, आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और ओवरटेक करने से बचें। प्रशासन के अनुसार वातावरण में नमी अधिक होने के कारण आने वाले दिनों में भी कोहरे की समस्या बनी रह सकती है। ऐसे में सतर्कता और सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बेहतर उपाय है।