फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत में कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई, अपराधी बेलगाम

कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। एडीजीपी स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तक सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम रही है। वह गोहाना के रविदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गोहाना के रूखी के पास रोहतक कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बेटे समेत चार युवकों की हादसे में मौत और एडीजीपी वाई. पूरण कुमार के मामले में शोक व्यक्त किया और मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में कई बार कुंडली-नरेला मेट्रो विस्तार, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन से जुड़े मुद्दे उठाए, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। खरखौदा मारुति प्लांट में प्रदेश के 75 फीसदी युवाओं को रोजगार देने की मांग भी पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली और बड़े वादों से जनता का भला नहीं होगा। युवाओं को रोजगार, किसानों को उचित मूल्य और आम लोगों को सुरक्षा देकर उनका जीवन बेहतर बनाया जा सकता है। एडीजीपी वाई पूरण कुमार के आत्महत्या मामले में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा व पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी का संवेदना पत्र लेकर अधिकारी के परिवार से मिले हैं और पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि गोहाना में दो से तीन माह में आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण पूरा का लिया जाएगा। लाइब्रेरी से युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार की तैयारी में नई दिशा मिलेगी। बरोदा विधायक इंदुराज नरवाल ने भी कहा कि राज्य में अपराध नियंत्रण से बाहर है, मुख्यमंत्री पूरे साल केवल चुटकुलों और बयानों में व्यस्त रहे। किसान, व्यापारी, नौजवान सभी सरकार की नीतियों से परेशान हैं। एक साल में विकास नहीं बल्कि अपराध और फिरौती की घटनाएं बढ़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। गांवों में दूषित पानी की निकासी तक ठप पड़ी है। किसानों की फसलें बारिश में डूब गईं। बची हुई फसल पर मंडियों में नमी का हवाला देकर 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक कटौती की जा रही है, जिससे किसान हताश हैं। विधायक ने कहा कि गोहाना में रेल कोच फैक्टरी की नींव कांग्रेस सरकार ने रखी थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार के पहले कार्यकाल में ही यह प्रोजेक्ट हरियाणा से हटाकर गुजरात में भेज दिया। प्रधानमंत्री रैली में रेल कोच फैक्टरी लगाने की मांग पूरी करें, जिससे विकास को बढ़ावा मिले।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें