सोनीपत में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। सोमवार रात करीब आठ बजे से ही घना कोहरा छा गया, जो सुबह तक और गहराता चला गया। हालात यह रहे कि मंगलवार सुबह सात बजे दृश्यता सिमटकर मात्र 10 मीटर रह गई। आठ बजे तक यह 30 मीटर और दस बजे तक केवल 50 मीटर तक ही पहुंच सकी। दोपहर करीब 12 बजे कोहरा छटा और सूर्य के दर्शन हुए, तब जाकर लोगों को कुछ राहत मिली। सरगथल केंद्र के अनुसार सोनीपत में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चलती रहीं। वहीं, मंगलवार को जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक 225 दर्ज किया गया, जिससे हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। कोहरे में हाईवे पर भिड़ीं तीन कारें घने कोहरे के चलते नेशनल हाईवे-44 पर बहालगढ़ के पास मंगलवार सुबह तीन कारें आपस में टकरा गईं। यह हादसा दिल्ली-पानीपत हाईवे पर उस समय हुआ, जब एक कार हाईवे किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आई एक कार उससे जा टकराई। हादसे में कार में सवार दो महिलाओं को हल्की चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद पहले से खड़ी कार का चालक वाहन सहित मौके से चला गया। कुछ ही देर में पीछे से आई एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त कार से टकरा गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतें, धीमी गति से वाहन चलाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।