फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोकलपुर दोहरे हत्याकांड में तीन और आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार बरामद

सुनील कुमार Updated Mon, 24 Aug 2026 05:39 PM IST

रेवाड़ी। गोकलपुर के पास हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में सदर थाना पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के सिलारपुर निवासी मंजीत तथा जड़थल निवासी पवित्र और गौरव उर्फ गुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार भी बरामद की है। मामले में पुलिस इससे पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 21 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि गोकलपुर के पास तीन युवक घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां मांढ़िया कलां निवासी जतिन मृत मिला, जबकि दो युवक घायल अवस्था में थे। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान निगांनियावास निवासी हिमेश ने दम तोड़ दिया। वहीं, बुड़ाना निवासी यशपाल को मामूली चोटें आईं। मामले में जतिन के पिता देशराज की शिकायत पर चार गांवों के नौ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। एसपी ने गठित की विशेष टीमें: मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीन ऑफ क्राइम टीम को आवश्यक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। साथ ही सीआईए और सदर थाना पुलिस की विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 अगस्त को ही वारदात की साजिश में शामिल बुड़ानी निवासी तरुण उर्फ टीका को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद रविवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार पांच अगस्त को बुड़ाना निवासी यशपाल और उसके साथी कांवड़ यात्रा के लिए पिकअप तैयार कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बुड़ानी निवासी नीरज के साथ उनकी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। इसके बाद 12 अगस्त को इसी विवाद को लेकर यशपाल और उसके साथियों पर बुड़ानी निवासी एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पैर तोड़ने का आरोप है। इस संबंध में धारूहेड़ा थाने में मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते 21 अगस्त को आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार मृतक जतिन और हिमेश के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। वहीं घायल यशपाल के खिलाफ पहले से मारपीट के सात मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें