कस्बा निवासी अशोक (53) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनकी मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अशोक आरएफ में अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे और पिछले करीब पांच वर्षों से कैंसर से जूझ रहे थे। वीरवार की देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। अशोक के निधन की सूचना मिलते ही गांव में माहौल गमगीन हो गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अशोक अपने पीछे एक पुत्र सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं। गांव में उनका काफी सम्मान था और लोग उन्हें शांत, सरल और मिलनसार स्वभाव वाला व्यक्ति बताते हैं। शुक्रवार को उनके पार्थिव शरीर को गांव लाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और आसपास के गांवों के लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। मौके पर पहुंचे सेना के जवानों ने अशोक को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। इस दौरान उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। अंतिम संस्कार के दौरान बावल पुलिस भी तैनात रही। पूरे सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। अंतिम यात्रा के दौरान लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और अशोक की वीरता तथा उनके कर्तव्यनिष्ठ जीवन को याद किया।