फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी: एससी-एसटी एक्ट व आत्महत्या के लिए उकसाने के केस में घिरे शिक्षक ने दी सफाई

सुधीर शर्मा Updated Thu, 16 Jul 2026 08:08 PM IST

रेवाड़ी। जिले के एक सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र जतिन की आत्महत्या के मामले में आरोपी बनाए गए इतिहास शिक्षक श्यामलाल ने पहली बार अपना पक्ष रखा है। शिक्षक ने वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने छात्र की भलाई के लिए उसे पढ़ाई पर ध्यान देने और जिम्मेदारी समझने के लिए कहा था। वहीं, पुलिस ने मामले में शिक्षक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले के बाद शिक्षक श्यामलाल को धवाना स्थित सरकारी स्कूल से हटाकर सीहा स्कूल में भेज दिया गया है। शिक्षक ने वीडियो के माध्यम से कहा कि जतिन की मौत ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान हैं और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि बच्चों की भलाई के लिए काम करने वाले शिक्षक को इस तरह के आरोपों का सामना करना पड़ेगा। होमवर्क पूरा करने और अभिभावकों को बुलाने के लिए कहा था: शिक्षक श्यामलाल ने बताया कि 14 जुलाई को उन्होंने जतिन को केवल होमवर्क पूरा करने और अभिभावकों को स्कूल बुलाने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि छात्र की पारिवारिक स्थिति को देखते हुए उसे पढ़ाई के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने जतिन से कहा था कि उसके पिता नहीं हैं और उसकी मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। इसलिए उसे पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में नौकरी हासिल कर परिवार का सहारा बन सके। मारपीट के आरोपों से किया इनकार: शिक्षक ने कहा कि जतिन पढ़ाई में कम रुचि लेता था और अक्सर काम पूरा करके नहीं लाता था। उन्होंने केवल उसे उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराया था। शिक्षक का कहना है कि उन्होंने छात्र को न तो पीटा और न ही उसके साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक बच्चों को उनकी गलतियों के बारे में भी नहीं समझा सकते तो फिर उनकी जिम्मेदारी क्या रह जाएगी। उन्होंने बताया कि जतिन की मौत से पूरा स्कूल स्टाफ दुखी है और सभी पिछले दो दिनों से शोक में हैं। 14 जुलाई को घर में फंदा लगाकर दी थी जान: गौरतलब है कि 14 जुलाई को 11वीं कक्षा के छात्र जतिन ने स्कूल से लौटने के बाद घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। छात्र के ताऊ राकेश कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि शिक्षक ने जतिन के साथ मारपीट की और उसके माता-पिता को लेकर गलत टिप्पणी की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें