फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी के बावल में एक ही रात में तीन दुकानों के ताले टूटे, पुलिस को देख भागे चोर

शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच शुक्रवार की देर रात रेलवे रोड पर पुल के पास स्थित तीन स्पेयर पार्ट्स की दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। हालांकि पुलिस की समय पर पहुंच के कारण चोर वारदात को अंजाम देने से पहले ही फरार हो गए और किसी दुकान से सामान चोरी नहीं हो सका। दुकानदारों के अनुसार, चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों के ताले तोड़ दिए, लेकिन शटर के सेंट्रल लॉक नहीं खुल सके। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसे देखकर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रेलवे रोड पर पुल के पास स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाने वाले किशनचंद गेरा ने बताया कि उनकी दुकान का ताला टूटा मिला, लेकिन सेंट्रल लॉक सुरक्षित रहा। उन्होंने कहा कि यदि लॉक खुल जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। बावल निवासी अंकुर ने बताया कि उनकी दुकान के भी ताले तोड़ दिए गए, लेकिन चोर अंदर प्रवेश नहीं कर सके। वहीं दुकानदार राजेंद्र कुमार ने बताया कि रात में पुलिस का फोन आया था कि उनकी दुकान का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर दुकान के बाहर लगे ताले टूटे मिले। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, जिसके बाद चोर भाग गए। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तीनों दुकानें रेलवे ब्रिज के पास एक साथ स्थित हैं। दुकानदारों का कहना है कि रात के समय यहां पर्याप्त रोशनी नहीं होने से क्षेत्र सुनसान हो जाता है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व वारदातों का प्रयास करते हैं। पहले भी उठ चुकी है सुरक्षा बढ़ाने की मांग व्यापारियों का कहना है कि बढ़ते तापमान के साथ चोरी की घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है। बाजार के व्यापारी पहले भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और चौकीदार की व्यवस्था करने की मांग प्रशासन से कर चुके हैं। एक ही रात में तीन दुकानों के ताले टूटने की घटना ने व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें