चिकित्सकों की हड़ताल और रविवार के अवकाश के कारण दो दिन तक प्रभावित रही स्वास्थ्य सेवाएं सोमवार को फिर से पटरी पर लौट आईं। सिविल अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। ओपीडी काउंटर से लेकर जांच कक्ष और वार्ड तक हर जगह मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। दो दिन तक इलाज नहीं मिल पाने के कारण बड़ी संख्या में मरीज सोमवार को अस्पताल पहुंचे, जिसके चलते चिकित्सकों और स्टाफ को दिनभर काफी व्यस्त रहना पड़ा। शनिवार को चिकित्सकों की हड़ताल के कारण सिविल अस्पताल में ओपीडी सहित कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रही थीं। इस दौरान नियमित जांच, ऑपरेशन और एक्सरे जैसी सुविधाएं भी सीमित रूप से ही उपलब्ध हो पाई थीं। इसके बाद रविवार को अवकाश होने के कारण अस्पताल में सामान्य ओपीडी बंद रही। ऐसे में कई मरीजों को इलाज के लिए दो दिन तक इंतजार करना पड़ा। सोमवार को जैसे ही अस्पताल में नियमित सेवाएं शुरू हुईं तो मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी।