पानीपत। सेक्टर-11 की मार्केट में सोमवार देर शाम करीब आठ बजे म्युचुअल फंड एवं इंश्योरेंस निवेशक पर करीब आठ बदमाशों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। हमलावरों निवेशक के सिर में डंडा मारने का भी प्रयास किया। वे सिर को बचा गए। हमलावरों ने पैर व हाथों पर डंडे बरसाए। उनको जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया है। आरोप हैं कि हमलावर उनसे करीब पांच लाख रुपये की नकदी लूट ले गए। वारदात की पूरी तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। थाना चांदनी बाग और सीआईए की टीम ने बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है। सेक्टर-11 निवासी सौरभ आनंद ने बताया कि उनका सेक्टर-11 मार्केट में हैदराबादी श्मशान घाट के सामने इंश्योरेंस और म्युचुअल फंड का कार्यालय है। वह सोमवार शाम करीब आठ बजे कार्यालय बंद कर आहूजा स्वीट्स के पास खड़ी अपनी कार में बैठने लगे थे। तभी आठ लोगों ने उन पर डंडों व सीमेंट की ईंट से हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके सिर पर डंडे से वार करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने किसी तरह झुककर अपनी जान बचाई। तीन लाख मिले, पांच लाख ले गए हमलावर उनके पास करीब आठ लाख रुपये की नकदी थी। शोर मचने पर जब आसपास के लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो हमलावर मौके से भाग निकले। इसके बाद उनके पास केवल तीन लाख रुपये ही मिले, जबकि पांच लाख रुपये गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर उनके पांच लाख रुपये लूट ले गए हैं। थाना चांदनी बाग पुलिस की प्रभारी रेखा ने बताया कि सेक्टर-11 में एक व्यक्ति पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल के बयान दर्ज किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा