कोहरे के साथ सर्दी भी बढ़ने लगी है। रविवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई। वहीं सुबह पांच से छह बजे तक दृश्यता शून्य रही। शाम को भी साढ़े पांच बजे ही कोहरे की चादर फिर से छा गई। दोपहर में तेज धूप निकलने के बाद भी ठिठुरन बनी रही। हवा की तेज रफ्तार ठंड बढ़ाने का काम कर रही है। मौसम विशेषज्ञ ने कई दिन कोहरा छाने और अगले सप्ताह वीरवार को बारिश की संभावना जताई है। शनिवार की अपेक्षा रविवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई। रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार आठ किलोमीटर प्रति घंटा रही। रविवार को सुबह कोहरा ज्यादा होने से करीब एक घंटा दृश्यता शून्य रही उसके बाद दृश्यता बढ़ी। दोपहर के समय तेज धूप के बाद भी ठंड कम नहीं हुई। लोगों के हाथ-पैर ठिठुरते रहे। खलीला निवासी सन्नी सिंह ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा दिसंबर माह में ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है। सुबह व रात के समय तो दृश्यता शून्य पहुंच रही है जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है लेकिन इससे फसलों को फायदा होगा। ठंड बढ़ने से गेहूं और सरसों की फसल की पैदावार बढ़ेगी जिससे किसानों को फायदा होगा। कृषि विज्ञान केंद्र उझा के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि अगले कई दिन कोहरा छाया रह सकता है। कोहरा बढ़ने से दृश्यता प्रभावित होगी और लोगों की दिनचर्या पर भी इसका असर पड़ेगा। अगले सप्ताह वीरवार को बारिश हो सकती है जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।