शहर में वाहन चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला सेक्टर-7 क्षेत्र का है, जहां एक हाईटेक चोर ने महज एक मिनट के भीतर स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी कर ली। चोर की पूरी करतूत पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। पीड़ित दीपक, निवासी सेक्टर-7, ने बताया कि उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो घर के बाहर खड़ी की थी। देर रात अज्ञात चोर मौके पर पहुंचा और कुछ ही सेकंड में गाड़ी का लॉक सिस्टम तोड़कर उसे लेकर फरार हो गया। खास बात यह है कि चोर ने गाड़ी में लगा जीपीएस सिस्टम भी निकाल दिया, जिससे वाहन की लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 13-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध युवक गाड़ी के पास आता और कुछ ही पलों में उसे लेकर जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर तलाश तेज कर दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।