मनीमाजरा के सेक्टर-13 स्थित सरकारी स्कूल जाने वाले मार्ग (ब्रिज वाली सड़क) की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं। सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने, जगह-जगह गड्ढे और बरसात के बाद जलभराव के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय समाजसेविका एवं अखिल भारतीय क्षेत्रीय महासभा ट्रस्ट की महिला प्रदेश अध्यक्ष ममता सिंह राजपूत ने बताया कि सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, स्थानीय पार्षद, पूर्व महापौर सरबजीत कौर सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद सड़क निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है। उनका कहना है कि कई बार उद्घाटन होने के बाद भी लोगों को बेहतर सड़क की सुविधा नहीं मिल पाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी होती है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।