पलवल। यूपी बॉर्डर के पास कोटवन क्षेत्र में डेरा डालकर भेड़ चराने वाले राजस्थान के जालौर निवासी सात लोगों को एक अनजान व्यक्ति ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने के बाद आरोपी उनके पास से नकदी और सामान लेकर फरार हो गया। साथ ही कुछ भेड़ें भी गायब बताई जा रही हैं। पीड़ितों की पहचान लाबुराम, गंगाराम राम, पेमा राम, कुया राम, मेहरा राम, राजा राम और छेला राम के रूप में हुई है। ये सभी डेरा डालकर भेड़ चराने का काम करते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वे कोटवन-मथुरा सीमा के पास डेरा लगाकर भेड़ें चरा रहे थे। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति उनके पास आया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। इसके बाद सभी बेहोश हो गए। आरोप है कि आरोपी ने उनके बटुए से पैसे निकाल लिए और उनकी कुछ भेड़ें लेकर फरार हो गया।