पलवल जिला नागरिक अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्षों के प्रयास के बाद अस्पताल को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन मिल गया है। मूल्यांकन में अस्पताल ने 90.03 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इस प्रमाणन के तहत अगले तीन वर्षों तक केंद्र सरकार की ओर से हर साल करीब 20 लाख रुपये का विशेष फंड दिया जाएगा। इस राशि का उपयोग अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने और चिकित्सा मशीनों के रखरखाव में किया जाएगा। तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल के 16 विभागों का निरीक्षण किया था। वर्ष 2014 से प्रमाणन के लिए प्रयासरत अस्पताल को पहली बार यह उपलब्धि मिली है।