एनएच-148बी हाइवे पर गांव मंढाना के पास रविवार सुबह एक ट्रक में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक की वायरिंग में अचानक आई खराबी के चलते चिंगारी निकली और कुछ ही पलों में ट्रक धू-धू कर जलने लगा। सड़क पर तेज धुएं का गुबार उठते ही आसपास के वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक झाड़ली प्लांट के लिए रोड़ी लेकर उदयपुर (राजस्थान) से आ रहा था। आग लगने की सूचना मिलते ही एनएचएआई की हाइवे टीम भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से दोनों ओर से करीब 100 मीटर तक वाहनों को रोक दिया गया। हाइवे टीम और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।