शहीदी दिवस के अवसर पर शहीद भगत सिंह युवा संगठन की ओर से अमर शहीद राजगुरू, भगत सिंह, सुखदेव के बलिदान के अवसर पर शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। 50 से अधिक युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर डीजे पर देशभक्ति गीतों के साथ यात्रा निकाली। शहर में अनेक स्थानों पर यात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। तिरंगा यात्रा शहर के मुख्य मार्गाें से होती हुई राव तुलाराम चौक पर पहुंची, जहां पर यात्रा का समापन किया गया। संगठन के संयोजक विकास ने बताया कि अमर शहीद राजगुरू, भगत सिंह, सुखदेव के बलिदान दिवस पर शहर में तिरंगा यात्रा निकालकर उनकी शहादत को याद किया गया। यात्रा महाविद्यालय मार्ग से शुरू होकर मोहल्ला सैनीपुरा, 11 हट्टा बाजार, भगवान परशुराम मार्ग, सब्जी मंडी रोड, शंकर मार्केट, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, बस स्टैंड रोड, राव तुलाराम चौक पर पहुंची। उन्होंने बताया कि युवा हाथों में तिरंगा लेकर डीजे के साथ भारत माता के जयकारे लगाते हुए निकले। इस मौके पर क्षेत्र के अनेक संगठनों से जुड़े युवाओं ने यात्रा में भाग लिया।