दूसरे दिन भी नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने तीन दुकानदारों के 1200 रुपये के चालान भी काटे। इन दिनों अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। वीरवार को नगर परिषद टीम ने महावीर चौक से मानक चौक तक अतिक्रमण हटाया और दुकानदारों के चालान किए। नगर परिषद टीम सुबह करीब दस बजे ही महावीर चौक पर पहुंच गई थी। टीम को देखते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और अपना सामान अंदर रखने में जुट गए। इस दौरान टीम को दुकानदारों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। बता दें कि सप्ताह भर पहले भी नगर परिषद टीम ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की थी। जिसके बाद दोबारा दुकानदारों ने अतिक्रमण करना शुरू कर दिया था। जिसकी वजह से बुधवार से दोबारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। इस मौके पर नगर परिषद जेई प्रवीण कुमार, राजेश, नीरज, दयाराम, संदीप, रवि कौशिक मौजूद रहे।