केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से तीन दिवसीय उतरी भारत जोन सेकेंड योगासन प्रतियोगिता का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। जीआर इंटरनेशनल स्कूल कनीना में तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व पार्षद मनीष यादव ने किया। विशिष्ट अतिथि बार एसोसिएशन कनीना के पूर्व प्रधान व पार्षद दीपक चौधरी रहे। जीआर इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन विजयपाल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से तीन दिवसीय उत्तरी भारत जोन-2 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा। हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ़, जम्मू एंड कश्मीर के 50 स्कूलों के 551 प्रतिभागी भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता तीन ग्रुप में आयोजित की जाएगी। जिसमें अंडर 14, 17 व 19 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के ऑब्जर्वर जवाहर नवोदय विश्वविद्यालय दिल्ली के अजय कुमार शास्त्री हैं ।इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के योगा अधिकारी डॉ धर्मवीर यादव, सहायक प्रवक्ता योगा गुरुग्राम विश्वविद्यालय डॉ सीमा, जिला योगा अधिकारी आयुष डॉ. सुधीर, योगा अध्यापक केंद्रीय विद्यालय संगठन रेवाड़ी सरिता मुख्य हैं। इस दौरान अजमेर दांगी, सुभाष, पार्षद योगेश, पार्षद सवाई सिंह, पार्षद होशियार सिंह मास्टर अश्विनी सहित अन्य मौजूद रहे।