मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दक्षिण हरियाणा के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लॉजिस्टिक्स हब के पूरी तरह विकसित होने के बाद महेंद्रगढ़-नारनौल, नांगल चौधरी और रेवाड़ी क्षेत्र प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में उभरेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ रोजगार के बड़े अवसर पैदा करेगी। मुख्यमंत्री रविवार को इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब (आईएमएलएच) से पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब के रेल नेटवर्क से जुड़ने के बाद क्षेत्र सीधे देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों और बंदरगाहों से जुड़ गया है। इससे माल की आवाजाही आसान और तेज होगी तथा परिवहन लागत में कमी आएगी। स्थानीय उद्योगों, व्यापारियों और किसानों को अपने उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक्स हब में उद्योगों की स्थापना और विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और व्यापार को भी नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल हरियाणा के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि पड़ोसी राजस्थान को भी इसका व्यापक लाभ मिलेगा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार दक्षिण हरियाणा के संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विजन और प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस विकास की नींव पहले रखी गई थी, वह अब धरातल पर दिखाई देने लगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉजिस्टिक्स हब के संचालन से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और नए उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा। इसका सीधा फायदा स्थानीय युवाओं, किसानों, व्यापारियों और उद्यमियों को मिलेगा।