हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा के कथित कमजोर होते क्रियान्वयन के विरोध में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसको लेकर प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शनिवार को नारनौल में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं बल्कि कानूनी अधिकार है, जिसे यूपीए सरकार ने लागू किया था, लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में इसका बजट घटाया गया। उन्होंने कहा कि 11 जनवरी को एक दिन का उपवास व प्रतीकात्मक विरोध किया जाएगा। 12 से 29 जनवरी को पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान, 30 जनवरी को वार्ड स्तरीय शांतिपूर्ण धरना, 31 जनवरी से 6 फरवरी को जिला स्तरीय मनरेगा बचाओ धरना, 7 से 15 फरवरी को राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव और 16 से 25 फरवरी को आंचलिक स्तर पर एआईसीसी की मनरेगा बचाओ रैलियां की जाएगी।