नारनौल के लघु सचिवालय में चौथी मंजिल पर स्थित एनआईसी कार्यालय का एक साल बाद मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। यहां पर दिसंबर 2024 में आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया था। जिसके बाद कार्यालय को दूसरी जगह पर शिफ्ट कर दिया गया था। पीडब्ल्यूडी की तरफ से करीब 47 लाख रुपये में मरम्मत कार्य का टेंडर जारी किया गया है। अभी भी चौथी मंजिल पर स्थित कार्यालय के चारों तरफ काली दीवारें ही दिखाई देती है। इसके पास में एक्साइज का भी कार्यालय था जहां भी आग की वजह से काफी नुकसान हो गया था। अब दोनों की कार्यालय घटना के बाद से बंद पड़े हैं। बता दें कि 12 दिसंबर 2024 को सुबह आसपास के लोगों को लघु सचिवालय की चौथी मंजिल से धुआं निकलता दिखाई दिया था। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को आवाज लगाकर आग लगने की जानकारी दी। आग लगने की सूचना पर हड़कंप मच गया और प्रशासन के अधिकारी व दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी दी। जिसके बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया था। जिसके बाद से अब तक कार्यालय बंद पड़ा है। जहां अभी भी उस घटना की तस्वीर साफ दिखाई दे रही है।