नारनौल। शहर के मोहल्ला पुरानी मंडी स्थित प्राथमिक पाठशाला भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है और बच्चे हादसों के साए में पढ़ने को मजबूर हैं। पाठशाला भवन की दो दीवारों में दरारें आई हुई हैं और तेज बारिश व आंधी में दीवार कभी भी गिर सकती है। वहीं मिड-डे-मील के लिए जिस किचन में खाना पकाया जाता है, वह कंडम भवन में संचालित है और बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है। मुख्य द्वार के पास बनी दीवार भी जर्जर हालत में है और दीवार के साथ पिलर बनाकर अस्थायी जुगाड़ किया गया है। लड़कों व लड़कियों के लिए दो शौचालय बने हुए हैं लेकिन दरवाजे जर्जर हालत में हैं। वहीं पाठशाला परिसर में बच्चों के खेलने के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। प्राथमिक पाठशाला के बाहर घास उगी हुई है, जिसे खाने के लिए गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है। पाठशाला के बाहर गोवंश छांव में बैठे रहते हैं और कई बार लड़ने भी जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।