घरेलू रसोई गैस सिलिंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में रविवार को नारनौल में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष डॉ. राजवती यादव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें महिला कांग्रेस के पद अधिकारी और आम महिलाएं शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। रसोई गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी से आम घरों की रसोई पर सीधा असर पड़ा है, जिससे खासकर गृहिणियों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। डॉ. राजवती यादव ने कहा कि महिला दिवस पर सरकार ने देश की गृहिणियों को महंगाई का जो ‘तोहफा’ दिया है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले से ही बढ़ती महंगाई से लोग परेशान हैं और अब गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाकर सरकार ने रसोई का बजट और बिगाड़ दिया है। इस अवसर पर मुख्य रूप से ममता, माया, मायावती, रीना, नीतू और सुमन उपस्थित रही।