नारनौल। महिला आरक्षण (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर महेंद्रगढ़ से महिला कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंची। उन्होंने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी के नेतृत्व में आयोजित "चलो संसद" आंदोलन में भाग लिया। डॉ. राजवती यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं दिल्ली पहुंची थीं। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारे लगाए। उनके नारों में महिला आरक्षण आज और अभी लागू करो और 33 फीसदी हमारा अधिकार है शामिल थे। प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया। महिलाओं ने संसद की ओर शांतिपूर्ण मार्च किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। इसके बावजूद महिलाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया और आरक्षण लागू करने की मांग दोहराई। कार्यक्रम को सफल बनाने में महेंद्रगढ़ महिला कांग्रेस की टीम का योगदान रहा।