बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों, हत्याओं और धार्मिक उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को कनीना स्थित एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्रजा भलाई संगठन के बैनर तले जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन के सुप्रीमो ठाकुर अत्तरलाल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने लगभग एक घंटे तक शांतिपूर्ण धरना देकर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। धरना प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने नायब तहसीलदार अर्जुन सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संयुक्त राष्ट्र संघ (न्यूयॉर्क, अमेरिका) तथा बांग्लादेश के कमिश्नर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बांग्लादेश में रह रहे हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वहां हो रहे अत्याचारों को तत्काल रोकने की मांग की। अतरलाल ने कहा कि बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन हैं। बांग्लादेश सरकार मूकदर्शक बनी हुई है और असामाजिक तत्वों को संरक्षण देकर हिंदुओं को भय के वातावरण में जीने को मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि यह समय पीड़ित हिंदुओं के साथ एकजुटता दिखाने का है और उनकी आवाज अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने बांग्लादेश सरकार को हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार बंद करने और ऐसा न होने पर दिल्ली स्थित बांग्लादेश के कमिश्नर कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर भागसिंह चेयरमैन, कैलाश सेठ, शिवलाल राजेंद्र पंच, सूबेदार मदन सिंह, राजेंद्र नंबरदार, डॉ. मुकेश, वीरेंद्र सिंह, शिवलाल गाहड़ा, मीर सिंह वैद, नरेश कुमार रोहिल्ला, संजय शर्मा रसूलपुर, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।