नारनौल। जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने कहा कि 31 जुलाई को आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। पत्रकारवार्ता में नित्यानंद यादव ने बताया कि यह आयोजन उपायुक्त अनुपमा अंजली के मार्गदर्शन तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत पोर्टल के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशा प्रतिरोधक जागरूकता बढ़ाना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश समाज तक पहुंचाना है, जिससे विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। पत्रकारवार्ता में बताया कि इस जिला स्तरीय आयोजन में कुल आठ प्रतियोगिताओं का समावेश किया गया है, जिनमें लोकगीत (संगीत), नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम, पेंटिंग, वाद-विवाद/भाषण, शॉर्ट फिल्म/रील, स्लोगन लेखन तथा स्लैम पोएट्री शामिल हैं। प्रत्येक प्रतिभागी प्रत्येक श्रेणी में केवल एक प्रविष्टि प्रस्तुत करने का पात्र होगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है, जबकि प्रतिभागियों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर भी ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। जिला स्तर पर प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महेंद्रगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन करेंगे।