दिल्ली पुलिस में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार की वीरवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि करीब तीन सप्ताह पहले हुई मारपीट में लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी जान गई। जानकारी के अनुसार सुनील कुमार निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव धौलेड़ा के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, 14 जून को वह घर से निकले थे। अगले दिन कालिया नांगल क्षेत्र में वह घायल अवस्था में मिले। उन्हें पहले नारनौल के निजी अस्पताल और बाद में जयपुर रेफर किया गया था। तबीयत बिगड़ने पर वीरवार को नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी पिंकी की शिकायत पर पहले ही मारपीट का मामला दर्ज था। निजामपुर थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो युवकों के साथ विवाद की बात सामने आई है।